Maharajganj Times

डीएम ने ग्राम प्रधानों की सुनी शिकायतें, बोले- नहीं होने दिया जाएगा उत्पीड़न, पर अपात्रों को लाभ देने में तय की जाएगी जवाबदेही

Maharajganj
Thursday, 09 Nov, 2023
0
1746

 
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिलाधिकारी अनुनय झा ने गुरूवार को कलक्ट्रेट सभागार में ग्राम प्रधानों की शिकायतों व मांगों को लेकर बैठक की। इसमें ग्राम प्रधानों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रों को लेकर अनुचित उत्पीड़न, 15वें वित्त की राशि के लंबित रहने और नहर पटरियों की सफाई के लिए सिंचाई विभाग की एनओसी न मिलने का मुद्दा जिलाधिकारी के समक्ष रखा।  जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों को आश्वस्त किया कि उनका अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होगा लेकिन अपात्रों को आवास आवंटन होने पर प्रधानों सहित संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए कार्यवाही निश्चित रूप से की जाएगी। 15वें वित्त की राशि के लंबन के संदर्भ में डीपीआरओ ने सूचित किया कि शासन द्वारा राशि अवमुक्त कर दी गई है। एक-दो दिन में धनराशि ग्राम पंचायत के खाते में आ जाएगी। नहर के पटरियों की सफाई के संदर्भ जिलाधिकारी ने एक्सईएन सिंचाई प्रथम को निर्देशित किया कि जिन नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य नही चल रहा है, उनमें 17 नवंबर तक एनओसी जारी करें। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों को अपने–अपने गांवों में विद्युत विभाग की ओटीएस योजना के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता फैलाने और ज्यादा से ज्यादा बकायेदारों से ओटीएस के माध्यम से विद्युत बिल के भुगतान करवाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक से सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रधानों को सम्मानित करने और उन्हें प्रोत्साहन देने का आश्वासन दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय, डीसी मनरेगा करुणाकर अदीब, पीडी रामदरश मिश्रा, भारतीय प्रधान संगठन के अध्यक्ष अनिल कुमार जोशी सहित संबंधित अधिकारी और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

 

<